Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir: अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंची पुलिस की टीम पर हमला, स्थानीय लोगों ने किया पथराव

Jammu Kashmir

Jammu Kashmir

जम्मू कश्मीर डेस्कः जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को निक्की तवी क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित एक रिहायशी मकान को ध्वस्त करने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। चारों ओर से किए गए इस पथराव में अवैध निर्माण को गिरा रहे जेसीबी चालक घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचा लिया।

ये भी देखें :-

जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार जम्मू को जावेद नगर स्थित एक अवैध निर्माण को गिराने के आदेश जारी किए गए थे। आदेशों के अनुपालन में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। निर्देशों के अनुसार तहसीलदार जम्मू के नेतृत्व में एसपी सिटी नॉर्थ जम्मू, डीएसपी मुख्यालय, एसएचओ थाना नवाबाद, प्रभारी पुलिस पोस्ट केनाल, प्रभारी पुलिस पोस्ट तालाब तिल्लो, एसएचओ थाना सतवारी तथा प्रभारी पुलिस पोस्ट बेलिचराना सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे जेसीबी चालक घायल हो गए। घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और एहतियातन पुलिस बल तैनात है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ये भी पढे़ं :-

Exit mobile version