Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन बरामद

November 23, 2025

जम्मू में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन बरामद

जम्मू डेस्क : नशा तस्करी के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में जम्मू साउथ ज़ोन पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की है। बता दें कि थाना गांधी नगर में दर्ज मामले (FIR संख्या 249/2025) की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 278 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह बरामदगी उसी केस का हिस्सा है, जिसमें कुछ दिन पहले पुलिस ने 3 किलो 260 ग्राम हेरोइन जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इस कार्रवाई को हाल के समय का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने पहले से गिरफ्तार आरोपी करण शर्मा, पुत्र गोपाल दास शर्मा, निवासी जौरियां (अखनूर) और वर्तमान में त्रिकूट नगर में रहने वाले, से विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पास अभी और नशा छिपा हुआ है, जिसे उसने प्रीत नगर स्थित अपनी कबाड़ दुकान में रखा है। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर साउथ ज़ोन पुलिस ने छापेमारी की और वहां से 278 ग्राम हेरोइन बरामद कर ली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी साफ संकेत देती है कि आरोपी किसी बड़े और संगठित नशा तस्करी गिरोह का हिस्सा है। जांच एजेंसियां अब उस सप्लाई चैन पर फोकस कर रही हैं, जिसके माध्यम से हेरोइन जम्मू तक पहुंचती थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लाभार्थी कौन हैं और तस्करी का धन कैसे आगे उपयोग किया जाता था।

जम्मू पुलिस ने बताया कि पूरे गिरोह की गतिविधियों को समझने के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों तरह की जांच जारी है। प्रारंभिक अनुमान है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं और अतिरिक्त बरामदगी सामने आ सकती है।

साउथ ज़ोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उनकी कार्रवाई किसी भी स्तर पर धीमी नहीं पड़ेगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय कोई भी तस्कर या नेटवर्क कानून के शिकंजे से नहीं बच पाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज में फैल रहे इस जहर को जड़ से खत्म किया जा सके।

ये भी पढ़ें : Chandra Grahan 2026: कल लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण, सुबह से लागू होगा सूतक काल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें