Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pakistan के हर नापाक मंसूबे को विफल कर रहे Police और सुरक्षाबलों के जवान: DGP

March 17, 2023

Pakistan के हर नापाक मंसूबे को विफल कर रहे Police और सुरक्षाबलों के जवान: DGP

जम्मू: डीजीपी दिलबाग सिंह ने सीमावर्ती जिले राजौरी के अपने दौरे के दौरान राजौरी-पुंछ रेंज के सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की। उनके साथ एडीजीपी जम्मू जोन मुकेश सिंह भी थे। डीजीपी ने खुफिया एजैंसियों के अलावा बलों के बीच तालमेल की सराहना की, जिसने पाकिस्तान और उसकी आतंकी एजैंसियों के कई बुरे इरादों को नियमित रूप से विफल किया है।

उन्होंने सभी बलों के जमीनी स्तर पर खुफिया नैटवर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को डांगरी कांड के दोषियों को पकड़ने के लिए और अधिक प्रयास करने के लिए कहा। उन्होंने सीमाओं के साथ-साथ भीतरी इलाकों में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने वीडीजी की सेवाओं का अधिक कुशलतापूर्वक और संगठित तरीके से उपयोग करने के अलावा एक मजबूत सीमा खुफिया नैटवर्क बनाने के लिए सीमा एसपीओ का उपयोग करने पर जोर दिया।

डीजीपी ने कहा कि पाकिस्तान हमारे नौजवानों को नशे के जाल में फंसाने के लिए सभी हथकंडे अपना रहा है, लेकिन पुलिस और सुरक्षाबल नशीले पदार्थों की विभिन्न खेपों की नियमित जब्ती ने उनके नापाक मंसूबों को विफल कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी बलों की कड़ी कार्रवाई और समन्वित प्रयास निश्चित रूप से मादक पदार्थों के व्यापार के पूरे नैटवर्क को ध्वस्त कर देंगे। उन्होंने ड्रग्स, हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर नाका बिंदुओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान सुरक्षा चिंताओं के अन्य मुद्दों के अलावा आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों, सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर चर्चा हुई। यह बताया गया कि पाक एजैंसियां आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए नियंत्रण रेखा के पार नकदी के परिवहन के अलावा नशीले पदार्थोंऔर हथियारों की तस्करी में लिप्त हैं। ऐसी कई खेपों को जेकेपी और इलाके में तैनात सुरक्षाबलों ने रोका है। सीमा और आंतरिक सुरक्षा ग्रिड को और बढ़ाने की आवश्यकता और साधनों पर भी चर्चा की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें