Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज लेह में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया, कही ये बात

November 1, 2023

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज लेह में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया, कही ये बात

श्रीनगर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि लद्दाख तेजी से बहुआयामी विकास कर रहा है और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए केंद्र शासित प्रदेश के लोगों की सराहना की। श्रीमती मुर्मू आज लेह में केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख के स्थापना दिवस समारोह में बोल रही थी। वह एक दिन पहले लद्दाख की अपनी पहली यात्रा पर पहुंचीं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि राष्ट्रपति के रूप में उनकी पहली लद्दाख यात्रा इसके स्थापना दिवस पर हो रही है।

उन्होंने कहा कि लेह और कारगिल की स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदों ने जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को लगातार मजबूत किया है और लद्दाख के विकास, खासकर युवाओं के रोजगार के लिए सार्थक कदम उठाए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा लद्दाख के लिए बजट प्रावधानों को पांच गुना बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा, ‘यह लद्दाख के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’

राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और अपने लोगों की विशिष्ट पहचान को बनाए रखते हुए लद्दाख को विकास के पथ पर आगे ले जाना है। उन्होंने कहा ‘कई नई नीतियां लागू की गई हैं। इन कदमों से लद्दाख की आर्थिक प्रगति, विशेषकर पर्यटन का विकास हो रहा है। लेकिन, साथ ही, इस क्षेत्र को स्वच्छ रखना हम सभी की प्राथमिकता है। सतत पर्यटन और जिम्मेदार पर्यटन पर जोर दिया जाना चाहिए।’

राष्ट्रपति ने कहा कि लद्दाख को कार्बन तटस्थ क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लक्ष्य के अनुरूप कई कदम उठाए गए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने हरित ऊर्जा के विकास के लिए काम शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति ने कामना की कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में लद्दाख आर्थिक, पर्यावरण और मानव विकास के मापदंडों पर देश में अग्रणी स्थान पर रहे। श्रीमती मुर्मू बुधवार को सियाचिन बेस कैंप का भी दौरा करेंगी और अग्रिम मोर्चों पर तैनात सैनिकों से बातचीत करेंगी।

इससे पहले दिन में लेह में राष्ट्रपति का स्वागत लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बी.डी. मिश्रा और थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने किया। श्रीमती मुर्मू की पहली लद्दाख यात्रा पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. बी.डी. मिश्रा और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने लेह पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत किया। लद्दाख की उनकी पहली यात्रा पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें