Site icon Dainik Savera Times

जम्मू कश्मीर के रामबन में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू कश्मीर के रामबन में हुए सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर शुक्रवार को दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। रामबन जिले में बृहस्पतिवार देर रात को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक एसयूवी कार फिसलकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार दस लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कार श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी और रामबन के बैटरी चश्मा इलाके में देर रात करीब 1:15 बजे 300 फुट गहरी खाई में गिर गई।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन क्षेत्र में एक गाड़ी के खाई में गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।

इसके साथ ही उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘मुझे आज रामबन में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कीमती जान चली गईं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन तथा मंडलीय आयुक्त को पीड़ितों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है। डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं है।

Exit mobile version