Site icon Dainik Savera Times

उधमपुर में सौतेली मां को जिंदा जलाने से भड़का जनाक्रोश

उधमपुर : उधमपुर की हाउसिंग कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी बेटे द्वारा अपनी ही सौतेली माँ को आग के हवाले कर देने के बाद महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सड़क को पूरी तरह बाधित कर दिया और शव ला रही एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर उसके शीशे चकनाचूर कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाउसिंग कॉलोनी निवासी आरोपी युवक प्रमोक्ष वर्मा का किसी पारिवारिक विवाद को लेकर अपनी सौतेली माँ से झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी माँ पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसी महिला को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज उधमपुर पहुँचाया।

महिला की हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया था। जीवन और मौत से जूझते हुए देर रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की पुष्टि होते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में भारी रोष फैल गया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में वाहनों की लंबी कतारंक लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शन के दौरान भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने शव लेकर आई एंबुलेंस पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। घटना और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोपी युवक को वारदात के फौरन बाद ही हिरासत में ले लिया गया था और उसके खिलाफ हत्या सहित कानून की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

काफी मशक्कत और पुलिस के कड़े आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया जा सका और सड़क से जाम हटवाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की गहन तफ्तीश जारी है। वहीं आज देर शाम को मृतका का संस्कार कर दिया गया।

Exit mobile version