Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam Terror Attack : आतंकवादियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करे सरकार, याद कर उनकी 10 पीढ़ियां भी कांप उठें… राज ठाकरे

April 23, 2025

Pahalgam Terror Attack : आतंकवादियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करे सरकार, याद कर उनकी 10 पीढ़ियां भी कांप उठें… राज ठाकरे

मुंबई : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इसके साथ ही मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने केंद्र सरकार से अपील की कि आतंकवादियों के खिलाफ ऐसे कदम उठाए जाने चाहिए कि उनकी अगली 10 पीढ़ियां भी उन्हें याद करके कांप उठें। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

इस घटना में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उन्हें महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि।’ उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है, और इस संकट की घड़ी में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना सरकार के साथ खड़ी है। केंद्र सरकार को अब इन हमलावरों के खिलाफ ऐसे कदम उठाने चाहिए कि इन हमलावरों की अगली 10 पीढ़ियां भी उन्हें याद करके कांप उठें।

1972 में म्यूनिख ओलंपिक के दौरान फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने इजरायली एथलीटों पर हमला किया था। इसके बाद इजरायल ने उन आतंकवादियों और उनके मास्टरमाइंड को इस तरह खत्म किया था कि लंबे समय तक फिलिस्तीनियों के मन में खौफ बैठ गया था। भारत और इजरायल के संबंध बेहद मजबूत हैं। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र सरकार इजरायल की राह पर चलकर इन आतंकवादियों और उनके सभी समर्थकों को हमेशा के लिए खत्म कर देगी।

गोली चलाते समय सामने वाले का धर्म पूछा

इस हमले के बारे में पढ़ते समय एक चौंकाने वाली बात सामने आई। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि हमलावरों ने गोली चलाते समय सामने वाले का धर्म पूछा। यह क्या गुस्ताखी है? मैंने अपने कई भाषणों में कहा है कि अगर इस देश में कोई हमारे हिंदुओं पर हमला करेगा, तो हम सभी हिंदू एकजुट होकर उसका जवाब देंगे।

इन हमलावरों के पीछे के मास्टरमाइंड चाहे कहीं भी छिपे हों, उन्हें हमारी ताकत का अहसास होना चाहिए। केंद्र सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाई। इसके बाद वहां हालात कुछ हद तक सामान्य हो गए हैं और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई। लेकिन अगर इस तरह के हमले होते हैं, तो भविष्य में कश्मीर में जमीन खरीदकर या उद्योग शुरू करने की हिम्मत कौन करेगा? इसलिए केंद्र सरकार को इस पर गंभीरता से विचार कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

मुझे पूरा यकीन है कि केंद्र सरकार इस मामले में कठोर कार्रवाई करेगी। इस देश के सभी राजनीतिक दल उनके साथ खड़े होंगे। सरकार को एक बार ऐसा जोरदार प्रहार करना चाहिए कि बाकियों की हिम्मत ही टूट जाए। मुझे दूसरों का पता नहीं, लेकिन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें