सांबा: जिला सांबा में पशु तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने एक अनोखी कार्रवाई की है। आपको बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ एक फरार पशु तस्कर के घर पहुंचकर न केवल आरोपी को चेतावनी दी, बल्कि स्थानीय जनता को भी इस गंभीर अपराध के प्रति जागरूक किया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एएसपी सांबा की निगरानी में और थाना सांबा के एसएचओ के नेतृत्व में रक्ख बरोटियां क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि यदि आरोपी दिए समय के भीतर खुद को पुलिस के सामने पेश नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून के उल्लंघन में शामिल सभी अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि पुलिस का यह कदम समुदाय में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपराधियों को डरा-धमकाकर पकड़ने का उदाहरण है। पुलिस का यह तरीका अनोखा और प्रभावशाली माना जा रहा है क्योंकि यह सीधे जनता को जोड़ता है और अपराध के खिलाफ चेतावनी का संदेश देता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे पशु तस्करी और अन्य संगीन अपराधों को रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखेंगे और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।