Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

सांबा में भावुक नज़ारा: शहीद की बहन की शादी में सैनिकों ने निभाई भाई की जिम्मेदारियां

December 6, 2025

सांबा में भावुक नज़ारा: शहीद की बहन की शादी में सैनिकों ने निभाई भाई की जिम्मेदारियां

जम्मू-कश्मीर : सांबा ज़िले के शांत गांव जतवाल में बीती रात ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को गहराई तक भावुक कर दिया। बता दें कि गांव में शहीद NK मुकेश कुमार की बहन ज्योति का विवाह समारोह आयोजित था, लेकिन इस शादी की खासियत यह थी कि दुल्हन के भाई की जगह उसके भाई के फौजी साथी मौजूद थे मुकेश के ही यूनिट ग्रेनेडियर रेजिमेंट की 19वीं बटालियन के वीर जवान।

शहीद भाई की कमी पूरी करने पहुंचे सैनिक

अरुणाचल प्रदेश में एक ऑपरेशन के दौरान देश पर कुर्बान हुए मुकेश कुमार के सम्मान में उनकी पूरी बटालियन ने फैसला किया कि वे ज्योति की शादी में पहुंचकर भाई की जिम्मेदारी निभाएंगे। रात को जैसे ही दुल्हन वरमाला मंच तक पहुंचने लगी, सैनिकों ने सेना की यूनिफॉर्म में सजी हुई पारंपरिक छतरी उठाकर ज्योति को मंच तक ले जाया। यह दृश्य इतना भावुक था कि कई लोगों की आंखों से अपने-आप आंसू छलक पड़े।

बटालियन की ओर से खास तोहफ़ा

शादी में उपस्थित जवानों ने ज्योति को एक फिक्स्ड डिपॉज़िट (एफडी) उपहार में दी, जिसे उन्होंने शहीद साथी को श्रद्धांजलि और बहन के प्रति स्नेह का प्रतीक बताया। इसके अलावा स्थानीय भूतपूर्व सैनिक संगठन ने भी परिवार को सम्मानित करते हुए शगुन और स्मृति-चिह्न भेंट किए।

ज्योति ने भावुक होकर सैनिकों का आशीर्वाद लिया और कहा कि उसे अपने भाई की कमी का एहसास नहीं हुआ, क्योंकि उसके सामने खड़े सभी सैनिक उसी प्यार और सम्मान के साथ उसके ‘भाई’ बनकर खड़े थे।

गांव में पहली बार दिखा ऐसा दृश्य

जतवाल गांव के बुजुर्गों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी नहीं देखा कि किसी बटालियन ने अपने शहीद साथी के परिवार को इतनी आत्मीयता से अपनाया हो। पूरे समारोह में देशभक्ति, सम्मान और भाईचारे का ऐसा माहौल था कि उसे देखने वाले भी इसे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें