श्रीनगर/जम्मू : केंद्रीय कश्मीर क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति और पुलिस की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बुधवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष कश्मीर में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने की। बैठक में मध्य कश्मीर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, श्रीनगर, बडगाम और गांदरबल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस नियंत्रण कक्ष कश्मीर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक के विशेष अधिकारी, सभी उपमंडल पुलिस अधिकारियों तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की जानकारी पुलिस महानिरीक्षक को दी। इसके अलावा शांति, कानून-व्यवस्था और सुरिक्षत वातावरण बनाए रखने के लिए लागू सुरक्षा व्यवस्था तथा सुरक्षा तंत्र की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने केंद्रीय कश्मीर क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों की तैयारियों और कार्यक्षमता की समीक्षा की। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, क्षेत्र में प्रभावी गश्त और तलाशी अभियान तेज करने तथा संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी और वाहनों की जांच मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने अंतर-जिला सीमाओं पर जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की नियमति समीक्षा करने तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। सुजीत कुमार ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी संभावित संवेदनशील स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में केंद्रीय कश्मीर क्षेत्र में चौबीसों घंटे सतर्कता बनाए रखने, निवारक सुरक्षा उपाय मजबूत करने और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।