Site icon Dainik Savera Times

बारामूला में सुरक्षा बलों ने लश्कर के दो ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने रविवार को बारामूला जिले में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने कहा कि एक विशिष्ट सूचना मिलने पर आज जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और 52 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) द्वारा बस स्टॉप शिरकवाड़ा के पास एक संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान वागुरा ब्रिज की ओर से पैदल आ रहे दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। दोनों व्यक्तियों ने सुरक्षा बलों को देखकर मौके से भागने की कोशिश की। लेकिन दोनों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान तौसीफ रमज़ान भट और मोइन अमीन भट उर्फ ​​मोमिन के रूप में की गई।

दोनों बड़ा मुल्ला, शीरी बारामूला के निवासी है। पुलिस ने कहा ‘मोइन अमीन भट के कब्जे से मैगजीन और 15 रूट वाली एक चीनी पिस्तौल बरामद की गई और तौसीफ रमजान भट के पास से एक हथगोला बरामद किया गया। दोनों व्यक्ति लश्कर के ओजीडब्ल्यू हैं’। पुलिस ने कहा कि इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

Exit mobile version