Site icon Dainik Savera Times

अनंतनाग आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, दो आतंकियों के मकान ध्वस्त

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग जिले में पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी के आतंकी हमले में वीरगति प्राप्त करने के एक दिन बाद प्रशासन और सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 आतंकियों के मकानों को ध्वस्त कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अनंतनाग के गुरी निवासी और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े आतंकी आदिल अहमद थोकर के नए मकान को गुरुवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बिजबेहाड़ा के हसनपोरा तवेला निवासी अब्दुल रशीद गनई के बेटे हारून रशीद गनई के एक मंजिला रिहायशी मकान को भी ध्वस्त किया गया। हारून वर्ष 2018 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा सक्रिय आतंकी बताया जाता है।

यह संयुक्त कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ की 90वीं बटालियन ने मिलकर की। उल्लेखनीय है कि बुधवार को हुए आतंकी हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान आशिक हुसैन कुरैशी वीरगति को प्राप्त हुए थे। इसी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई की।

Exit mobile version