Site icon Dainik Savera Times

गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर जम्मू में सुरक्षा कड़ी, वन क्षेत्रों में चलाया सर्च ऑपरेशन

Poonch Indian Army

Poonch Indian Army

जम्मू कश्मीर डेस्कः गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर जम्मू में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के जवानों ने दिनभर शहर से सटे वन क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई।

शुक्रवार सुबह पुलिस की एक टीम सुजवां इलाके में पहुंची, जहां से सर्च ऑपरेशन की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे यह अभियान बठिंडी होते हुए रैका के जंगलों तक पहुंचा। इसके बाद रंगूरा, बत्रा अस्पताल से आगे बढ़ते हुए पुलिस के जवान सिदड़ा तक पहुंचे। करीब पंद्रह किलोमीटर के दायरे में इस सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

हथियारों से लैस पुलिस जवानों ने पूरी सतर्कता और चौकसी के साथ वन क्षेत्रों की तलाशी ली। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में लोगों से संपर्क कर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। अभियान के दौरान पुलिस की बख्तरबंद गाड़ियां भी साथ चलती रहीं। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस से पहले ऐसे सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति इन इलाकों में छिपकर किसी वारदात को अंजाम न दे सके।

शनिवार को जिन इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, उन्हें संदिग्ध लोगों के छिपने के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। इसके अलावा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भी गश्त तेज कर दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शहर में विशेष नाके लगाए जा रहे हैं, जहां हर व्यक्ति और वाहन की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Exit mobile version