Site icon Dainik Savera Times

NC के सीनियर नेता डॉ. शेख मुस्तफा कमाल का श्रीनगर में सुपुर्द-ए-खाक, CM उमर – डॉ. फारूक अब्दुल्ला समेत कई नेता दी अंतिम विदाई

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/07/40108.mp4

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की राजनीति के वरिष्ठ नेता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के दिग्गज चेहरे डॉ. शेख मुस्तफा कमाल को बुधवार को श्रीनगर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनका मंगलवार को निधन हो गया था। वे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के चाचा और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के छोटे भाई थे। उनके जनाजे की नमाज में डॉ. फारूक अब्दुल्ला, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने चाचा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. शेख मुस्तफा कमाल पिछले कुछ महीनों से बीमार थे और चार दिन पहले उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी।

डॉ. शेख मुस्तफा कमाल, नेशनल कॉन्फ्रेंस के संस्थापक और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ‘शेर-ए-कश्मीर’ शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के पुत्र थे। वे डॉ. फारूक अब्दुल्ला के छोटे भाई और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के चाचा थे। उन्होंने दशकों तक जम्मू-कश्मीर की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

मुस्तफा कमाल 1983, 1987 और 1996 में बनी राज्य सरकारों में मंत्री रहे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान वे अपनी बेबाक राय और स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर पार्टी नेताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें जम्मू-कश्मीर की राजनीति का एक महत्वपूर्ण और स्पष्टवादी नेता बताया।

📍 Location: Srinagar (Srinagar)

Exit mobile version