Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

SIA ने जम्मू कश्मीर मादक पदार्थ-आतंकवाद वित्तपोषण मामले में आरोपपत्र दायर किया

March 19, 2024

SIA ने जम्मू कश्मीर मादक पदार्थ-आतंकवाद वित्तपोषण मामले में आरोपपत्र दायर किया

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने सोमवार को लश्कर-ए-तैयबा (LET) के एक आतंकवादी सहित दो व्यक्तियों के खिलाफ एक आरोपपत्र दायर किया, जिन पर केंद्र शासित प्रदेश में मादक पदार्थ-आतंकवाद वित्तपोषण मॉड्यूल संचालित करने का आरोप है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने यहां कहा कि जहीद अहमद खोजा और जमीर अहमद लोन के खिलाफ NDPS अधिनियम और गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून के तहत विशेष यूएपीए अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी का रहने वाला लोन पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी है। उन्होंने कहा कि खोजा को पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया गया था जब वह 3.565 किलोग्राम वजन की हेरोइन का परिवहन कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया गया। SIA ने कहा कि खोजा और लोन ने आतंकवादी संगठनों के सदस्यों के साथ मिलकर सीमा पार से तस्करी और नशीले पदार्थ की तस्करी से धन जुटाने की आपराधिक साजिश रची थी।

एजेंसी ने कहा कि मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त आय का इस्तेमाल आतंकवादी कृत्यों को वित्तीय सहायता देने और आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र को वित्तपोषित करने के लिए किया गया था। SIA ने कहा कि बड़ी आपराधिक साजिश के तहत, खोजा और लोन और उनके सहयोगियों ने मैसेंजिग एप्लिकेशन पर बातचीत के माध्यम से कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदायों पर लक्षित आतंकवादी कृत्यों के माध्यम से सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने का षड्यंत्र रचा।

एजेंसी ने कहा, “आतंकवादी वित्तपोषण का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में सक्रिय विभिन्न आतंकवादी संगठनों के निर्देशानुसार व्यक्तिगत संवर्धन और आतंकवादी कृत्यों को आगे बढ़ाने के लिए किया गया, जिसमें सरकारी इमारतों, अल्पसंख्यक समुदायों के मकानों और पुलिस र्किमयों आवासीय इकाइयों और एक राजनीतिक दल के कार्यालय को आग लगाना शामिल था।’’ उसने कहा कि मामले में जिन लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किए गए हैं उनके अन्य सहयोगियों के खिलाफ आगे की जांच जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें