जम्मू : अरनिया के कूल कलां इलाके में 3 सितंबर को कथित तौर पर फायरिंग की कोशिश और हथियार लहराकर स्थानीय लोगों में दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसपी हेडक्वार्टर जम्मू अन्ना सिन्हा ने सोमवार को डीपीएल जम्मू में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उनके साथ एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह और अरनिया पुलिस थाने के एसएचओ भी मौजूद रहे।
एसपी हेडक्वार्टर ने बताया कि घटना के दौरान वास्तव में फायरिंग नहीं हुई थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों ने पिस्टल और टोके लहराए तथा स्थानीय लोगों को धमकाया। आरोपियों ने कथित तौर पर कुछ लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही अरनिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला और संदिग्धों की पहचान की।
इसके बाद आरोपियों के फोटो स्थानीय मुखबिरों और पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों तक पहुंचाए गए। एसपी के अनुसार, 6 सितंबर को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि उक्त संदिग्ध बिश्नाह इलाके में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही अरनिया पुलिस की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कथित रूप से ‘खौफ गैंग’ से जुड़े हुए हैं।
इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पहले से तीन-तीन एफआईआर दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच टोके, तीन पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अब इस पूरे मामले की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि गैंगस्टर गतिविधियों, धमकी और जबरन वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अन्ना सिन्हा ने अभिभावकों और समाज से भी युवाओं पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी युवा हैं और इस उम्र में उन्हें पढ़ाई, रोजगार तथा अपने भविष्य को संवारने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने माता-पिता से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने, उनकी संगति पर नजर रखने और उन्हें नशे व गैंगस्टर गतिविधियों से दूर रखने की अपील की।

