Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

खैर तस्करों की दबंगई: वन विभाग की टीम पर फायरिंग, 15 राउंड तक चली गोलियां

September 11, 2026

खैर तस्करों की दबंगई: वन विभाग की टीम पर फायरिंग, 15 राउंड तक चली गोलियां

कठुआ : खैर तस्करी पर शिकंजा कसने पहुंची वन विभाग की टीम पर तरनाह नाले में कथित खैर तस्करों ने फायरिंग कर दी। रात के अंधेरे में हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि तस्करों ने वन विभाग की टीम पर करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई की स्थिति बनने से पहले ही तस्कर अपने दोनों वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, सहायक वन संरक्षक के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तरनाह नाले के संवेदनशील क्षेत्र में खैर तस्करी रोकने के लिए नाका लगाया था। इसी दौरान संदिग्ध तस्करों के दो वाहन वहां पहुंचे। टीम ने जब वाहनों को रोककर कार्रवाई का प्रयास किया तो एक वाहन नाले में फंस गया। इसके बाद कथित तौर पर तस्करों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से वन विभाग की टीम में अफरा-तफरी मच गई।

तस्करों ने कथित तौर पर कई राउंड फायर किए और इसके बाद दोनों वाहनों को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटनास्थल पर एक वाहन नाले के बीचों-बीच पलटा हुआ मिला, जबकि दूसरे वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।

फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है। हथियारों और साक्ष्यों की तलाश पुलिस और वन विभाग की टीमें अब घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों तथा अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग में कितने लोग शामिल थे और तस्करी के लिए खैर की लकड़ी कहां से लाई जा रही थी। घटना ने तरनाह नाले और आसपास के इलाकों में सक्रिय खैर तस्करों के दुस्साहस को एक बार फिर उजागर किया है।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बावजूद तस्करों द्वारा कथित तौर पर फायरिंग किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें