Site icon Dainik Savera Times

श्री अमरनाथ यात्रा: जम्मू रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, सुविधा और सेवा के विशेष प्रबंध जारी

जम्मू : श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा अनुभव देने के लिए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा जम्मू रेलवे स्टेशन पर युद्धस्तर पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंडल ने सभी जरूरी प्रबंध पहले से ही सुनिश्चित कर दिए हैं। जम्मू रेलवे स्टेशन पर रेलवे अधिकारी एवं पर्यवेक्षक लगातार मौजूद रहकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके चलते आरपीएफ और जीआरपी के जवान स्टेशन परिसर में 24 घंटे तैनात हैं। टिकट जांच स्टाफ, जीआरपी और आरपीएफ के साथ मिलकर नियमित गश्त कर रहे हैं।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए वार रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन के हर कोने पर चौबीस घंटे नजर रखी जा रही है। ट्रेनों की समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यदि कोई ट्रेन विलंब से है तो इसकी जानकारी यात्रियों को तुरंत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन पर हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रा संबंधी हर जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्लेटफार्मों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों को तैनात किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र दिन-रात कार्यरत है। इसके साथ ही ट्रेनों और यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं नियमित अंतराल पर की जा रही हैं ताकि यात्रियों को सही समय पर सही जानकारी मिल सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल स्वयं स्टेशन पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। साथ ही यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इस अवसर पर उचित सिंघल ने कहा, श्री अमरनाथ जी यात्रा आस्था का प्रतीक है।

जम्मू मंडल का यह संकल्प है कि यहां आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित और सम्मान के साथ अपनी यात्रा पूरी करे। हमारे अधिकारी, पर्यवेक्षक, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मिलकर दिन-रात कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि यात्री के स्टेशन में प्रवेश से लेकर प्रस्थान तक उसे हर आवश्यक सुविधा मिले। हम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएंगे। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे रेलवे की घोषणाओं का पालन करें और यात्रा को सुखद बनाएं। जम्मू मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे स्टेशन पर की जा रही उद्घोषणाओं को ध्यान से सुनें और किसी भी सहायता के लिए रेल मदद *139* या स्टेशन स्थित सहायता केंद्र से संपर्क करें।

Exit mobile version