Site icon Dainik Savera Times

करनाह में सूमो वाहन किशनगंगा नदी में गिरा; 5 लोगों की मौत, अन्य घायल

जम्मू/श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के कर्णाह क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार यात्री वाहन सेमरी मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद किशनगंगा नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, बचाव दल और स्वयंसेवकों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए आगे भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी रहा और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों को हरसंभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अधिकारियों द्वारा दुर्घटना से संबंधित अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

Exit mobile version