Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कठुआ में सेना के शिविर पर आतंकवादियों ने की फायरिंग, तलाशी अभियान जारी

January 25, 2025

कठुआ में सेना के शिविर पर आतंकवादियों ने की फायरिंग, तलाशी अभियान जारी

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों ने सेना के शिविर पर फायरिंग की। इसके बाद सेना ने शनिवार को बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। रक्षा मंत्रलय के सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात कठुआ के भटोडी इलाके में संदिग्ध हलचल देखी गई। इलाके में संदिग्ध गतिविधि के बाद सेना ने फायरिंग की। इलाके में अब बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार देर रात आतंकवादियों ने सेना के शिविर पर फायरिंग की, इसके बाद सुरक्षाबलों ने कठुआ जिले में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘आतंकवादियों ने कठुआ जिले के बिलावर तहसील के भटोडी गांव में स्थित सेना के शिविर पर गोलीबारी की। जिसके बाद सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और आतंकवादी भाग गए। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकवादियों की तलाश के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।‘

यह घटना गणतंत्र दिवस समारोह से एक दिन पहले हुई है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह जम्मू के मौलाना आजाद मेमोरियल स्टेडियम में होगा। बता दें कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मुख्य अतिथि होंगे। घाटी में डिविजनल स्तर का समारोह और परेड श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोहों के लिए ध्वजारोहण और परेड के आयोजन स्थलों की सुरक्षा के लिए जम्मू और श्रीनगर शहरों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जम्मू में मौलाना आजाद स्टेडियम और श्रीनगर में बख्शी स्टेडियम के आस-पास की सभी ऊंची इमारतों को सुरक्षाबलों के शार्प शूटरों ने अपने कब्जे में ले लिया है। देशद्रोहियों को गणतंत्र दिवस समारोह में बाधा डालने से रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक और ड्रोन निगरानी से निगरानी की जा रही है।

ये भी पढ़ें: ‘तिलक हटाने से इनकार किया तो नौकरी से निकाला’, युवक का लेंसकार्ट पर आरोप 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें