Site icon Dainik Savera Times

तिरंगा रैली में दिखा प्रशासन का जोश; जिला उपायुक्त व DIG ने स्वयं तिरंगा रैली में लिया भाग

उधमपुर : हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान के तहत गुरुवार को उधमपुर शहर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में जिला प्रशासन, पुलिस, विद्यार्थियों, आम नागरिकों और नागरिक समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे शहर में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा रैली को उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा, उपायुक्त उधमपुर मिंगा शेरपा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमृतपाल सिंह ने डाक बंगले से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अधिकारियों ने स्वयं रैली में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी तिरंगा लेकर शामिल हुए। उनके साथ पुलिसकर्मी, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी पूरे जोश के साथ आगे बढ़े। रैली के दौरान भारत माता की जयऔर वंदे मातरम्ह्व के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। तिरंगा रैली उधमपुर के राजकीय डिग्री कॉलेज बालक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए ओमारा मोड़ स्थित तिरंगा चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

रास्ते भर लोगों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और प्रेम का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है।

रैली में शामिल विद्यार्थियों और नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान देश के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भव्य तिरंगा रैली के समापन के साथ उधमपुर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल और अधिक मजबूत दिखाई दिया। जिला प्रशासन ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाने की अपील की।

Exit mobile version