Site icon Dainik Savera Times

भीषण गर्मी के बावजूद माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

कटड़ा : मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को बढ़ते तापमान के कारण गर्मी में काफी इजाफा दर्ज किया गया। दिनभर धूप रहने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके चलते अधिकांश श्रद्धालु सुबह और शाम के सुहावने मौसम में यात्रा करना अधिक बेहतर समझ रहे हैं। सुबह ठंडी हवाओं तथा शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने से श्रद्धालुओं को चढ़ाई करने में राहत महसूस हुई। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ पूरे उत्साह से भवन की ओर बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव बाणगंगा, चरणपादुका, अर्धकुंवारी और सांझीछत में दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। गर्मी को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा और विश्राम स्थलों की विशेष व्यवस्था जारी रखी गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन और श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

शुक्रवार बाद दोपहर 3 बजे तक करीब 23 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी रहा जिससे धर्मनगरी में रौनक बनी रही। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिसका सकारात्मक असर बाजारों और होटल व्यवसाय पर भी देखने को मिल रहा है। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

Exit mobile version