Site icon Dainik Savera Times

राजौरी में कड़ी सुरक्षा के बीच बाबा बुड्ढा अमरनाथ श्रद्धालुओं का पहला जत्था पहुंचा

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी के दर्शन को आए 1338 श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज राजौरी पहुंचा। प्रशासन की ओर से पूरे मार्ग पर सुरक्षा के काफी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सुबह जम्मू से निकले श्रद्धालुओं के पहले जत्थे का सुंदरबनी में स्वागत हुआ। उसके बाद नौशहरा पुल पर स्वागत हुआ। फिर यात्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजौरी पहुंची। यहां पर जिला उपायुक्त विकास कुंडल,एसएसपी राजौरी अमृतपाल सिंह अतिरिक्त जिला आयुक्त राजीव कुमार खजूरिया के अलावा सेना के उच्च अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पीठाधीश्वर राजगुरु महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती ने ध्वजारोहण करके यात्रा का शुभारंभ किया। बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी के दर्शन को आए श्रद्धालुओं ने कहा कि हम लोगों ने आज तक टीवी पर देखा और सुना था कि राजौरी व पुंछ में आतंकवाद है। यहां पर गोलियां चलती रहती हैं, लेकिन यहां पर ऐसा कुछ भी देखने को नहीं है। यहां पर सभी लोग प्रेम से रह रहे हैं और आपसी भाईचारा देखने को मिल रहा है।

वहीं भगवान शंकर के भक्त आधार शिविर में भगवान शंकर के भजनों पर नाचते रहे और पूरे क्षेत्र में बम-बम भोले की आवाज ही सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं में भोले बाबा के प्रति उत्साह देखने को मिला और राजौरी बम बम भोले के जयकारों से गूंज रही थी। यात्रा की सुरक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है, बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी की यात्रा में आज पहले जत्थे में 907 पुरु ष, 411 महिलाएं और 20 बच्चे शामिल हैं, जो आज बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा के लिए 29 वाहनों में रवाना हुए, जबकि तीर्थयात्रियों की सुविधा के हर संभव प्रयास किए गए हैं।

Exit mobile version