Site icon Dainik Savera Times

अशांति फैलाने की मंशा कामयाब नहीं होगी, हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: Tarun Chugh

जम्मू: भाजपा ने पुंछ में हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए सेना के जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी जम्मूकश्मीर तरुण चुग, जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना, महासचिव (संगठन) अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री सत शर्मा, महासचिव विबोध गुप्ता, महासचिव डा. देविंदर कुमार मन्याल व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शहीद हवलदार मनदीप सिंह, लांस देबाशीष बसवाल, एनके कुलवंत सिंह, सिपाही हरकिशन सिंह और सिपाही सेवक सिंह को पुष्पंजलि अर्पित कर 2 मिनट का मौन रखा और ईश्वर से भारत की दिवंगत वीर आत्माओं को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना की।

चुग ने पुंछ जिले में सेना के एक वाहन पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की, जिसमें पांच बेशकीमती जानें गई। उन्होंने वीर जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि कायरता की इस हरकत में पूरा भारत एकजुट है और मुंहतोड़ जवाब देने के लिए संकल्पित है। तरुण चुग ने कहा जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की आई.एस.आई. की मंशा कामयाब नहीं होगी। जवानों पर हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। रविंद्र रैना ने आतंकी हमले को कायराना हरकत करार दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित इन आतंकियों ने जघन्य अपराध किया है। हमारे वीर सैनिक इन कायरों को नहीं बख्शेंगे।

Exit mobile version