Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

DAP में Congress जैसी गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं: Ghulam Nabi Azad

January 15, 2023

DAP में Congress जैसी गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं: Ghulam Nabi Azad

जम्मू: डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि ‘‘उनकी पार्टी में कांग्रेस जैसी किसी गुटबाजी’’ के लिए जगह नहीं हो सकती और योग्यता एवं ‘टीमवर्क’ (मिलकर काम करने) की संस्कृति को बढ़ावा देने की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री आजाद ने शनिवार को पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारी समिति के सदस्यों की पहली बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस के साथ अपना पांच दशक लंबा रिश्ता तोड़ने के बाद पिछले साल सितंबर में यह पार्टी बनाई थी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी में कांग्रेस जैसी गुटबाजी नहीं हो सकती। हमें योग्यता, प्रोत्साहन और ‘टीम वर्क’ की संस्कृति को बढ़ावा देने की जरूरत है।’’

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘भाई-भतीजावाद, पक्षपात और गुटबाजी की संस्कृति स्वीकार्य नहीं है।’’ आजाद ने सदस्यों को पार्टी के मुख्य एजेंडे को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर जनता तक पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, ‘‘शांति और विकास का हमारा एजेंडा केंद्र शासित प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। हमें जमीनी स्तर पर लोगों के साथ जुड़ने, हमारे कार्यकर्ताओं को हमारी विचारधारा एवं एजेंडे के बारे में समझाने और जनता की समस्याओं को उजागर करने की जरूरत है।’’ आजाद ने कहा कि भूमि, नौकरियां और राज्य के दर्जे की बहाली वे प्राथमिक मुद्दे हैं जिन पर डीएपी ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य का दर्जा, नौकरी और भूमि अधिकार ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें हम प्राथमिक आधार पर उठाएंगे और यह हमारे नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कर्तव्य है कि वे आम जनता को इनके बारे में जागरूक करें और बाद में उन्हें इस राजनीतिक लड़ाई में शामिल करें।’’

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें