जम्मू-कश्मीर डेस्कः कठुआ जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है। ये ठिकाने बिलावर क्षेत्र में चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान सामने आए। इस दौरान आतंकियों के साथ दो बार मुठभेड़ भी हुई, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी फरार हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, 7 जनवरी को बिलावर के कमाद नाला, कालाबन और धनु परोल के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की, जिसके चलते रातभर रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।
तलाशी अभियान के दौरान पहले एक आतंकी ठिकाने का पता चला, जहां से एम4 राइफल के दो खाली कारतूस, देसी घी का डिब्बा, बादाम का पैकेट, दस्ताने, टोपी, कंबल, तिरपाल, छोटा पाउच और पॉलीथिन बैग बरामद किए गए। इसके बाद शुक्रवार को अभियान के दौरान बिलावर के काली खड्ड और कालाबन क्षेत्रों में दो अन्य आतंकी ठिकानों को भी ध्वस्त किया गया। इन ठिकानों से गैस सिलेंडर, खाने का तेल, चार्जर वायर, दस्ताने, खाना बनाने के बर्तन, गैलन, बड़े प्लास्टिक बैग, टॉर्च, कंबल, कंटेनर और खाने-पीने की वस्तुओं के रैपर बरामद हुए।
कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने बताया कि तलाशी अभियान अभी जारी है। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूरे जंगली इलाके को सील कर दिया गया है और आतंकियों के संभावित भागने के रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इन ठिकानों का ध्वस्त होना आतंकियों के लॉजिस्टिक नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

