जम्मू: सांबा पुलिस ने पुलिस स्टेशन बड़ी ब्राह्मणा में दर्ज सुनार की दुकान में चोरी के मामले को सुलझाते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 10: 50 लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के गहने बरामद किए गए। 12 मई को साहिल अबरोल निवासी बिश्नाह ने पुलिस स्टेशन बड़ी ब्राह्मणा में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 11-12 मई की मध्यरात्रि के दौरान पीएचई कार्यालय के पास बड़ी ब्राह्मणा के रघुनाथ बाजार में स्थित उनकी आभूषण की दुकान राज ऑनार्मेंट्स से कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोने और चांदी के गहने, नकदी, अलमारी और अन्य सामान चोरी कर लिया है।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस स्टेशन बड़ी ब्राह्मणा में धारा 331(4)/305/317 बीएनएस के तहत मामला एफआईआर संख्या 123/2026 दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तीन संदिग्धों को पकड़ा जिन्होंने लगातार पूछताछ करने पर तत्काल मामले में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।
उनकी पहचान सुजल निवासी घगोटे, रामनगर जिला उधमपुर वर्तमान में सैनिक कॉलोनी, आकाश नायर निवासी चट्ठा और नीरज मसीह निवासी डोगरा हाल जम्मू के रूप में हुई। उनके कब्जे से 14.74 ग्राम सोने के गहने, 2.650 किलो चांदी के गहने,एक वजन मापने की मशीन,10000 रुपये नकद और एक अलमारी बरामद की गई। इसके अलावा, अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार भी पुलिस ने जब्त की।

