
Lakhanpur: लखनपुर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। मुख्य बाजार, बस स्टैंड, बसोली मोड़ और माधोपुर- लखनपुर पुल जैसे प्रमुख स्थानों पर रोजाना सुबह और शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोजाना स्कूली बसें, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी और मरीजों को लेकर जा रही एंबुलैंसे भी जाम में फंसी दिखाई देती हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त- व्यस्त हो गया है। स्थानीय दुकानदारों सनी मल्होत्रा, मुकेश कश्यप, शिव कुमार और शमशेर सिंह ने बताया कि रविवार को जाम के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
माधोपुर-लखनपुर पुल हाल ही में आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वैकल्पिक पुल पर भारी दबाव बढ़ गया है। इसी बीच लखनपुर नेशनल हाईवे टोल प्लाजा के दोनों ओर सड़क निर्माण कार्य भी जारी है, जो लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इसके चलते ट्रैफिक सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा। टोल प्लाजा पर फिलहाल केवल दो वजन कांटे ही चालू हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाले भारी ट्रकों की संख्या में हाल के दिनों में काफी वृद्धि हुई है। बाढ़ के दौरान करीब एक माह तक टोल वसूली बंद रही थी, लेकिन 28 सितंबर से अचानक सभी वाहनों से टोल वसूली शुरू कर दी गई, जिससे जाम की स्थिति और बिगड़ गई।
हालात को देखते हुए कठुआ जिला प्रशासन ने छोटे वाहनों से टोल वसूली पर अस्थायी रोक लगाई है, लेकिन ट्रकों से टोल वसूली अभी भी जारी है। इसके बावजूद कई छोटे वाहनों के फास्टैग से टोल राशि अपने आप कट रही है, जिससे वाहन चालक परेशान हैं। लखनपुर और ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके। इसके बावजूद टोल प्लाजा क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए, टोल प्लाजा पर अतिरिक्त वजन कांटे लगाए जाएं और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...