Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आया ट्रक, चार लोगों की मौत

बनिहाल: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिसके कारण उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तड़के करीब पांच बजे रामबन जिले में शेरबीबी के पास राजमार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया और ट्रक में फंसे सभी चार शवों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान कुलगाम के ट्रक चालक मोहम्मद अफजल गारू (42), उसके भाई अल्ताफ गारू (36), अनंतनाग के इरफान अहमद (33) और उसके भाई शौकत अहमद (29) के रूप में की है।

उन्होंने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए ट्रक में ले जाए जा रहे लगभग छह मवेशी भी दुर्घटना में मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। यह कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से हर मौसम में जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। उन्होंने कहा कि सड़क को साफ करने के प्रयास जारी हैं, ताकि यातायात बहाल हो सके।

Exit mobile version