जम्मू कश्मीर डेस्कः होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष आरक्षित ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04081/04082 तथा कटड़ा से वाराणसी के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04603/04604 चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुनिश्चित यात्रा सुविधा प्रदान करना है।
ये भी देखें :-
नई दिल्ली–कटड़ा विशेष ट्रेन (04081/04082)
ट्रेन संख्या 04081, नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए 21 फरवरी से 8 मार्च तक कुल 16 फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से रात्रि 11:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 12:00 बजे कटड़ा पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर) रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए 22 फरवरी से 9 मार्च तक 16 फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन कटड़ा से रात्रि 9:20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन प्रातः 10:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसके ठहराव 04081 के समान ही रहेंगे।
वाराणसी–कटड़ा विशेष ट्रेन (04603/04604)
ट्रेन संख्या 04603, वाराणसी से कटड़ा के लिए 24 फरवरी से 8 मार्च तक चार फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन प्रातः 5:00 बजे वाराणसी से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6:00 बजे कटड़ा पहुंचेगी। मार्ग में मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, आलमनगर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा। ट्रेन संख्या 04604, कटड़ा से वाराणसी के लिए 22 फरवरी से 6 मार्च तक चार फेरों में संचालित की जाएगी। यह ट्रेन सायं 6:15 बजे कटड़ा से प्रस्थान कर अगले दिन सायं 7:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके ठहराव 04603 के समान रहेंगे।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन द्वारा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए टूरिस्ट ट्रेन संख्या 00913 संचालित की जा रही है। यह पूर्ण किराया दर वाली विशेष पर्यटक ट्रेन 11 फरवरी को प्रतापनगर से रवाना होकर अमृतसर मार्ग से 14 फरवरी को कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 16 फरवरी को कटड़ा से प्रस्थान कर 18 फरवरी को प्रतापनगर (गुजरात) पहुंचेगी। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से जहां होली के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें :-