Site icon Dainik Savera Times

नए साल पर बदले वैष्णो देवी यात्रा के नियम, जानें क्या हुए नए बदलाव

Vaishno Devi : नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देश-भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू पहुंचते हैं। ऐसे मे भीड़ को नियंत्रित रखने और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा से जुड़े कुछ नए नियम लागू किए हैं। इन नियमों के तहत अब दर्शन यात्रा एक निश्चित समय सीमा में पूरी करनी होगी।

वैष्णो देवी यात्रा पर आया बड़ा अपडेट

श्राइन बोर्ड के अनुसार, जैसे ही श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन कार्ड (RFIDC) जारी किया जाएगा, उन्हें अधिकतम 10 घंटे के भीतर यात्रा आरंभ करनी होगी। वहीं, माता रानी के दर्शन करने के बाद भक्तों को 24 घंटे के अंदर कटरा बेस कैंप वापस लौटना अनिवार्य किया गया है। इसका मकसद यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ को कम करना है।

बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि अब भवन में लंबे समय तक रुकने की अनुमति नहीं होगी। पहले कई श्रद्धालु दर्शन के बाद भवन क्षेत्र में कई दिनों तक ठहर जाते थे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। नए नियमों के तहत चढ़ाई और उतराई, दोनों के लिए समय तय कर दिया गया है ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन का अवसर मिल सके।

अब RFIDC कार्ड केवल पहचान का साधन नहीं रहेगा, बल्कि यात्रा की समय-सीमा पर नजर रखने का भी एक अहम जरिया बनेगा। कार्ड जारी होने के बाद निर्धारित समय में यात्रा शुरू करना और दर्शन के बाद तय अवधि में बेस कैंप लौटना जरूरी होगा। ये नियम तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से की अपील

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण जरूर कराएं। इसके लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा कटरा रेलवे स्टेशन स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर भी रात 12 बजे तक खुला रहता है, जहां यात्री अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

Exit mobile version