जम्मू-कश्मीर डेस्क: वर्तमान में भी मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखने को मिल रहा है। आमतौर पर फरवरी माह में देशभर में चल रही परीक्षाओं के कारण यात्रा में गिरावट दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार स्थिति अलग नजर आ रही है। इन दिनों रोज़ाना 13 हजार से 18 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
ये भी देखें :-
श्रद्धालुओं की यात्रा को पूरी तरह दिव्य और सुगम बनाने के उद्देश्य से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा दिन और रात दोनों समय मां वैष्णो देवी की पवित्र एवं प्राचीन गुफा श्रद्धालुओं के लिए खुली रखी गई है। श्रद्धालु गुफा में प्रवेश कर निरंतर मां के दिव्य दर्शन कर रहे हैं, जिससे उनकी आस्था और श्रद्धा की यह यात्रा अविस्मरणीय बन रही है। श्रद्धालु कटड़ा में पंजीकरण कर परिवार के साथ यात्रा पर निकल रहे हैं। शनिवार को दिनभर मौसम साफ रहा, जिससे यात्रा और भी सुखद बनी रही।
कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर उपलब्ध रही। इसके अलावा भवन मार्ग पर बैटरी कार सेवा तथा मां वैष्णो देवी भवन और भैरव घाटी के बीच संचालित रोपवे (केबल कार) सेवा भी सामान्य दिनों की तरह सुचारू रूप से चलती रही, जिसका लाभ श्रद्धालुओं ने उठाया। मां वैष्णो देवी के दर्शन के पश्चात श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं। वहीं आधार शिविर कटड़ा में प्रसाद व अन्य वस्तुओं की खरीदारी से बाजार में भी रौनक बनी हुई है।
जानकारों का मानना है कि जिस प्रकार परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, उससे परीक्षाओं के बावजूद आने वाले दिनों में भी मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहेगा। 7 फरवरी, शनिवार शाम 6 बजे तक करीब 15 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।
ये भी पढे़ं :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...