Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर में दृश्यता, रात के तापमान में आया सुधार

श्रीनगर: जम्मू- कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पिछले पांच दिनों से प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन शनिवार को इसमें थोड़ा सुधार हुआ। श्रीनगर स्थिति मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण 31 दिसंबर तक कश्मीर और जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में मध्यम से घने कोहरा के साथ आसमान में बादल छाये रहें और मौसम शुष्क बना रहेगा।

केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद ने कहा, ‘चार जनवरी तक कोहरा जारी रहने की संभावना है।’ गौरतलब है कि कश्मीर की सबसे कठोर 40 दिनों की सर्दियों की अवधि, ‘चिल्ला-ए-कलां’, पिछले सप्ताह शुरू हुई और कई स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदु से नीचे है। मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से लगभग 0.5 डिग्री अधिक है। गुरुवार रात श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कुपवाड़ा शहर में -2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर के बाहरी इलाके कोनिबल क्षेत्र और पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में पिछली रात की तुलना में तापमान में तीन डिग्री से अधिक का सुधार दर्ज किया गया। काजीगुंड में पारा शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया। मौसम विभाग ने चार जनवरी को ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है।

Exit mobile version