Site icon Dainik Savera Times

‘जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने तक चैन से नहीं बैठेंगे’: सिन्हा

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कहा कि सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक वह प्रदेश की धरती से आतंकवाद और उसके समर्थकों को जड़ से उखाड़ नहीं देती।

सिन्हा ने यहां टैगोर हॉल में ‘जश्न-ए-बहार पारंपरिक लोक’ उत्सव में कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा, “हमें आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि कलाकार महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर सकते हैं और अपने जागरूकता अभियान के माध्यम से उन तत्वों को बेनकाब कर सकते हैं, जो आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र का समर्थन या मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों पर पूरा भरोसा है, जो लोगों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “जब तक हम आतंकवाद और उसके समर्थकों को जम्मू-कश्मीर की धरती से जड़ से उखाड़ नहीं देते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।”

Exit mobile version