Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

नदी में डूबने से युवक की मौत, अवैध माइनिंग के कारण हुआ हादसा

September 3, 2023

नदी में डूबने से युवक की मौत, अवैध माइनिंग के कारण हुआ हादसा

राजौरी: जिला राजौरी की तहसील नौशहरा के बगनोटी में आज लोगों ने जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद करके जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि लगातार हो रही अवैध माइनिंग के कारण लोगों की जान जा रही है पर प्रशासन देखकर भी आंखें बंद कर के बैठा है इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, आज भी एक 15 वर्ष के बच्चे की नदी में डूबने से मौत हो गई जिसका मुख्य कारण अवैध माइनिंग था।

मिली जानकारी के अनुसार चक जराला का रहने वाला रवि कुमार अपने पिता के साथ बुआ के घर गया हुआ था, बुआ के घर से वापस आते समय दरिया पार करते वक्त बच्चे का पांव फिसल गया और बच्चा 20 फुट के गहरे गड्ढे में जा गिरा, बच्चे को गिरता देख स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और बच्चे को दरिया से बाहर निकाल कर नौशहरा अस्पताल पहुंचाया यहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने जी.एम.सी. राजौरी रैफर किया।

जी.एम.सी. राजौरी ने बच्चे को जी.एम.सी. जम्मू रैफर किया, पर बीच रास्ते देर रात बच्चे ने दम तोड़ दिया, जिसको ले कर आज स्थानीय लोगों ने बगनोटी मे दो घंटे से अधिक समय तक जम्मू-पुंछ नैशनल हाइवे बंद कर के जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यह बच्चा गरीब परिवार से था। इसका पिता पैंटर है जो दिन को काम कर के रात को बच्चों के लिए खाने का इंतजाम करता था, इसलिए इस गरीब परिवार की मदद की जाए और उन अवैध माइनिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जो नदी-नालों में इस तरह के गड्ढे बनाकर खुलेआम छोड़ देते हैं।

इस अवसर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि नदी-नालो से अवैध माइनिंग का सिलसिला लगातार जारी है। अवैध माइनिंग वाले सरे आम नदी-नालों में 20 से 25 फुट गहरे गड्ढे कर रहे हैं, जो मौत का कारण बन रहे हैं। कितने लोग अवैध माइनिंग के कारण इनमें गिरकर अपनी जान गवा चुके हैं पर अवैध माइनिंग जारी है। डीएमओ देखकर आंखें बंद कर बैठा हुआ है, कोई कोई भी इन अवैध माइनिंग वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे साफ जाहिर होता है कि प्रशासन की मिलीभगत के कारण सब हो रहा है।

अवैध माइनिंग थन्नामंडी, दरहाल, राजौरी, सुंदरबनी व नौशहरा लगातार जारी है। नदी नालों से अक्सर रात को अवैध माइनिंग की जा रही है, पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। दूसरा नौशहरा अस्पताल ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए जी.एम.सी. जम्मू रैफर करना चाहिए था पर नौशहरा अस्पताल ने बच्चों को जी.एम.सी. जम्मू रैफर करने के बजाय जी.एम.सी. राजौरी रैफर किया और जी.एम.सी. राजौरी ने जी.एम.सी. जम्मू रैफर किया।

न ही एंबुलैंस में कोई आक्सीजन का बंदोबस्त किया गया, बच्चों की मौत बीच रास्ते में हो गई। मौके पर एडीसी नौशहरा ने पहुंचकर लोगों को समझाने का कार्य किया, पर लोगों ने कहा जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा, जिसको देखते हुए एडीसी नौशहरा ने पहुंच कर आश्वासन दिया कि अवैध माइनिंग करने वाले पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। डॉक्टर से भी बात की जाएगी और जिला प्रशासन की तरफ से परिवार की भी आर्थिक मदद की जाएगी। एडीसी के आश्वासन मिलने के बाद 3 घंटे बाद लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को खोला।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें