Youth Must Turn Demographic Dividend into Responsibility : जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने युवाओं से देश के जनसांख्यिकीय लाभांश को जनसांख्यिकीय जिम्मेदारी के रूप में देखने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकास की गति बढ़ा सकता है, लेकिन सही दिशा तय करने की जिम्मेदारी इंसानों की है। उन्होंने तकनीक के इस्तेमाल में मानवीय मूल्यों और जवाबदेही को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की विशेष उपलब्धि की सराहना करते हुए बताया कि कुल 163 स्वर्ण पदकों में से 130 छात्राओं ने हासिल किए हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) गति तो दे सकता है, लेकिन दिशा इंसानों को ही तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि तकनीक हमें बताती है कि हम क्या कर सकते हैं, जबकि मानविकी (ह्यूमैनिटीज) हमें सिखाती है कि हमें क्या करना चाहिए। उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि AI का संचालन केवल मुनाफे और उत्पादकता के आधार पर नहीं, बल्कि सभ्यतागत मूल्यों और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। उन्होंने स्नातक होने वाले युवाओं से कहा कि वे केवल अवसरों की तलाश न करें, बल्कि खुद अवसर पैदा करें। उपराज्यपाल ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के पहले दीक्षांत समारोह में 163 में से 130 स्वर्ण पदक जीतने वाली छात्राओं की सराहना की और उनके पदकों को आने वाली पीढ़ियों के लिए “आत्मविश्वास का प्रतीक” बताया।
चंद्रयान-3 से लेकर क्वांटम तकनीक और सेमीकंडक्टर तक, उपराज्यपाल ने अंतरिक्ष, अनुसंधान और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भारत की प्रगति का जिक्र किया और युवाओं से देश को आगे ले जाने का आग्रह किया। छोटे शहरों से आ रहे स्टार्टअप्स इस बात का प्रमाण हैं कि अवसरों का लोकतंत्रीकरण वास्तव में हो रहा है। उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि देश के निर्माण में इंजीनियरों, इतिहासकारों, वैज्ञानिकों और संगीतकारों को मिलकर काम करना चाहिए। जम्मू, 14 नवंबर: उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने आज क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस पहले दीक्षांत समारोह में स्नातक होने वाले छात्र विश्वविद्यालय की परंपरा के अग्रदूत हैं।
उन्होंने सभी स्नातकों, स्वर्ण पदक विजेताओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। इस अवसर पर तमिलनाडु के माननीय राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी उपस्थित थे। उपराज्यपाल ने विशेष रूप से छात्राओं की प्रशंसा की, क्योंकि 163 में से 130 स्वर्ण पदक बेटियों ने जीते हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटियों को अवसर मिलते हैं, तो वे न केवल ऊंचे पदों तक पहुंचती हैं, बल्कि ‘उपलब्धि’ के मायने भी बदल देती हैं। उन्होंने कहा कि उनके स्वर्ण पदक आने वाली पीढ़ियों के लिए आत्मविश्वास का प्रतीक हैं। उपराज्यपाल ने कहा, “जम्मू-कश्मीर के उच्च शिक्षण संस्थानों में बेटियां सफलता के नए अध्याय लिख रही हैं।”
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की बौद्धिक विरासत का उल्लेख करते हुए बताया कि ‘राजतरंगिणी’ के रचयिता महर्षि कल्हण, महर्षि अभिनवगुप्त, और संत-कवियों योगिनी लल्लेश्वरी तथा शेख-उल-आलम ने विभिन्न धर्मों के बीच सद्भाव और सत्य की खोज को बढ़ावा दिया था। उन्होंने कहा कि स्नातक एक ऐसी ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं जो एक हजार साल से भी अधिक पुरानी है। उपराज्यपाल ने कहा कि भारत बदलाव के एक ऐतिहासिक दौर से गुजर रहा है और 2047 तक एक विकसित भारत बनाने के राष्ट्रीय संकल्प के साथ दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने देश के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अंतरिक्ष क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास, अनुसंधान और नवाचार, तथा क्वांटम टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और बायोटेक्नोलॉजी में बढ़ते निवेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “2047 तक एक विकसित भारत का निर्माण करना हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। तब तक, आप में से कई लोग अपने करियर के शिखर पर होंगे। इसलिए, एक विकसित भारत केवल अगली पीढ़ी के लिए कोई नारा नहीं है; यह आपके जीवन की उपलब्धियों का सार होगा। यह आपके कार्यकाल की सफलता का प्रतीक होगा, और यह आपके जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य और उपलब्धि होगी।”
उपराज्यपाल ने बताया कि भारत में अब लगभग 223,000 स्टार्टअप और 135 यूनिकॉर्न हैं। इनमें से कई फाउंडर छोटे शहरों से आते हैं, जो इस बात को दर्शाता है कि अवसर और उद्यमिता का वास्तव में लोकतंत्रीकरण हुआ है। “डेमोग्राफिक डिविडेंड” (जनसांख्यिकीय लाभांश) पर एक नया दृष्टिकोण रखते हुए, उपराज्यपाल ने कहा कि वे इसे “डेमोग्राफिक रिस्पॉन्सिबिलिटी” (जनसांख्यिकीय जिम्मेदारी) कहना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा, “समाज को तब लाभ होगा जब युवा किसानों को बाजारों से जोड़ेंगे, महिलाओं के स्वयं सहायता समूह रोजगार पैदा करने वाले उद्यम बनेंगे, और इंजीनियर दूर-दराज के इलाकों के लिए किफायती चिकित्सा उपकरण विकसित करेंगे।” उपराज्यपाल ने मानविकी (ह्यूमैनिटीज) के महत्व पर जोर दिया।

