Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर में शीतलहर का कहर, तापमान जमाव बिंदु से बहुत नीचे

December 29, 2023

कश्मीर में शीतलहर का कहर, तापमान जमाव बिंदु से बहुत नीचे

श्रीनगर : कश्मीर के कई हिस्सों में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा तथा न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कश्मीर वर्तमान में ‘चिल्लई-कलां’ की चपेट में है। यह 40 दिनों की भीषण सर्दी की अवधि है। इस दौरान क्षेत्र में शीत लहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है जिससे प्रख्यात डल झील सहित अन्य जल निकाय जम जाते हैं। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं। इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और ऊंचाई वाले इलाके में भारी बर्फबारी भी होती है। चिल्लाई-कलां 31 जनवरी को खत्म होगा।

‘चिल्लई-कलां’ की शुरुआत 21 दिसंबर को हुई और यह 31 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद कश्मीर में 20 दिनों का ‘चिल्लई-खुर्द’ (छोटी ठंड) और 10 दिनों का ‘चिल्लई-बच्चा’ (हल्की ठंड) का दौर रहता है। इस दौरान शीत लहर जारी रहती है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात श्रीनगर का तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है और शहर में दृश्यता 50 मीटर से भी कम है।

परिवहन विभाग ने शहर में वाहन चालकों के लिए एक परामर्श जारी किया है, जिसमें उन्होंने मौसम को हालिया वर्षों में सबसे खराब कोहरे वाली स्थितियों में से एक बताया है। शहर और घाटी के कई अन्य स्थानों पर पिछले सप्ताह से कोहरा छाया हुआ है। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बताया कि कोहरे के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है, लेकिन खराब मौसम के कारण दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य शहरों से आने वाली उड़ानों में देरी हो रही है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के प्रख्यात स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उन्होंने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकेरनाग में पारा शून्य से 2.6 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया। एक स्वतंत्र मौसम अनुमान प्रणाली ने कहा कि गांदरबल, बांदीपोरा और बडगाम में इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इन इलाकों में काफी घना कोहरा छाया हुआ है।

कई इलाकों में घने कोहरे के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। दृश्यता की समस्याओं के अलावा, ठंडे और शुष्क तापमान ने बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ा दिया है। हालांकि, चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों को मास्क पहनने और सुबह तथा शाम के वक्त अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें