नेशनल डेस्क: राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये का सट्टा खेला गया, और इसमें से लगभग 25,000 करोड़ रुपये पाकिस्तान पहुंच गए।
संजय राउत का आरोप है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस एक मैच से ही करीब 1000 करोड़ रुपये की कमाई की। उन्होंने चिंता जताई कि यह पैसा भारत के खिलाफ इस्तेमाल हो सकता है। उन्होंने सरकार और बीसीसीआई से सवाल किया, “क्या उन्हें इसकी जानकारी नहीं है?”
मैच के बाद हाथ न मिलाने पर भी उठाया सवाल
भारत ने यह मैच 7 विकेट से जीता, लेकिन मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। संजय राउत ने इसे भी एक “नाटक” बताया और कहा कि यह अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि इसके पीछे बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट की मंजूरी थी।
मैच के आयोजन पर सवाल क्यों?
यह हाई-वोल्टेज मुकाबला ऐसे वक्त हुआ जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत ज्यादा था। पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौतहु ई थी। भारत ने मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और POK में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इन हालात में कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने मैच का बहिष्कार करने की मांग की थी।
संजय राउत ने सरकार को दी चेतावनी
संजय राउत ने कहा, “जब देश में इतना तनाव है, तब ऐसे मैच खेलकर पाकिस्तान को आर्थिक फायदा पहुंचाना समझ से बाहर है। इतना बड़ा सट्टेबाजी घोटाला सरकार की आंखें खोलने के लिए काफी है।” उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है।

