हरियाणा डेस्क. बल्लभगढ़ इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां गांव की एक 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। इसका आरोप पड़ोस में रहने वाले 14 साल के किशोर पर लगाया गया है। बच्ची की मां की शिकायत पर महिला थाना बल्लभगढ़ में किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
बच्ची की मां ने शिकायत में बताया कि वह अपने पति और बच्ची के साथ रहती है। उसके पति निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वारदात 23 सितंबर की बताई गई है। महिला का कहना है कि वह कुछ काम से घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान 14 साल के किशोर ने घर में घुसकर उनकी अकेली मौजूद 6 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
महिला जब घर वापस आई तो उसने बच्ची को बदहवास हालत में पाया। उसने तुरंत पति को सूचना दी और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। बच्ची ने मां को बताया कि पड़ोस में रहने वाले भईया आए और ये सब किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। महिला थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

