नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को एक बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मतदाता सूची (voter list) में बड़ी गड़बड़ी हुई है और लगभग 25 लाख फर्जी वोटर शामिल किए गए हैं। राहुल गांधी का दावा है कि हरियाणा में 8 में से 1 मतदाता फर्जी है यानी करीब 12.5% वोट नकली या दोहराए गए (डुप्लीकेट) हैं। राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास ठोस सबूत हैं कि हरियाणा में बड़ी धांधली हुई है। कई वोटर ऐसे हैं जो असली नहीं हैं, कुछ के नाम दो-दो जगह हैं, और कुछ के नाम व फोटो इस तरह बनाए गए हैं कि कोई भी उनकी जगह वोट दे सके।”
एक महिला को दो मतदान केंद्रों पर 223 बार दिखाया गया
कांग्रेस नेता ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि एक महिला का नाम दो मतदान केंद्रों पर 223 बार दिखाया गया है, यानी वह जितनी बार चाहे वोट डाल सकती है। उन्होंने दावा किया कि यह महिला असल में एक ब्राज़ीलियन मॉडल की स्टॉक फोटो है, जिसे पहचान पत्र में इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा, “यह महिला हरियाणा में 10 अलग-अलग मतदान केंद्रों पर 22 बार वोट डाल रही है। उसके कई नाम हैं। यह सब एक केंद्रीकृत प्रक्रिया से हुआ है।”
#WATCH | Delhi: Lok Sabha LoP Rahul Gandhi says, “…We have crystal clear proof that 25 lakh voters (in Haryana) are fake, that they either don’t exist or they are duplicate or are designed in a way for anybody to vote…1 in 8 voters in Haryana are fake, that’s 12.5%…” pic.twitter.com/Tlo5wsTZyY
— ANI (@ANI) November 5, 2025
कांग्रेस लगभग 22,000 वोटों से चुनाव हारी
राहुल गांधी का कहना है कि कांग्रेस लगभग 22,000 वोटों से चुनाव हारी, और यह गड़बड़ी चुनाव परिणाम को पलटने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि डाक से आने वाले वोट (postal votes) और वास्तविक वोटिंग (actual votes) में बहुत फर्क पाया गया। इससे कांग्रेस को शक हुआ कि कहीं बड़े पैमाने पर गड़बड़ी न हुई हो। कांग्रेस ने कहा, “हमने यह डेटा कई बार जांचा। जब मैंने पहली बार देखा तो मुझे विश्वास नहीं हुआ।” राहुल गांधी ने आगे बताया कि उन्हें हरियाणा के कई उम्मीदवारों से शिकायतें मिलीं, कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी है और सब कुछ गलत दिशा में जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी कुछ ऐसा ही देखा गया था, लेकिन कांग्रेस ने हरियाणा पर गहराई से जांच करने का फैसला किया। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ भाजपा नेता दो राज्यों में वोट डाल रहे हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने कहा कि एक भाजपा सरपंच डालचंद और उसका बेटा यशवीर, दोनों के पास उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मतदाता पहचान पत्र हैं, और दोनों जगह वोट डाला गया।
#WATCH | Delhi: Lok Sabha LoP Rahul Gandhi says, “…Congress lost the election by 22,000 votes…Who is this lady?…She votes 22 times in Haryana, in 10 different booths in Haryana. She has multiple names…That means this is a centralised operation…The lady is a Brazilian… pic.twitter.com/nWWXBPiKxC
— ANI (@ANI) November 5, 2025
चुनाव आयोग पर निशाना साधा
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा, “अगर चुनाव आयोग डुप्लिकेट नाम हटाए, तो चुनाव निष्पक्ष होंगे। लेकिन वे ऐसा नहीं करते क्योंकि वे भाजपा की मदद कर रहे हैं। उनके पास यह तकनीकी क्षमता है, यह काम एक सेकंड में हो सकता है।” राहुल गांधी का आरोप है कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर हरियाणा की सरकार “चुरा ली” है।
यह सरकार चोरी से बनी: राहुल गांधी
उन्होंने कहा, “हम यह बात पूरे देश के सामने रख रहे हैं कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री वैध रूप से सत्ता में नहीं हैं। यह सरकार चोरी से बनी है। राहुल गांधी ने बताया कि कांग्रेस ने यह सबूत सुप्रीम कोर्ट के सामने भी पेश किए हैं और यह कोई छुपी हुई बात नहीं है। कांग्रेस ने कहा, “हम यह सब भारतीय जनता के सामने, मीडिया के सामने रख रहे हैं। यह उनका (चुनाव आयोग का) डेटा है, हमारा नहीं।”

