हिमाचल डेस्क. हिमाचल में सरकारी स्कूलों में टीचर्स के शराब पीकर आने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आज हम जिस मामले के बारे में बात करने वाले हैं। वह हिमाचल के मंडी जिले का है, जहां एक टीचर शराब के नशे में धुत्त पाया गया है। पेरेंट्स ने छापा मारा और टीचर की पोल खोल दी। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने टीचर को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूलों में बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। मास्टर जी सुबह ही नशे में धुत्त होकर गिरते-पडते स्कूल पहुंचे। चेहरे पर चोटों के निशान बता रहे हैं कि मास्टर जी ने इतनी पी रखी है कि उन्हें अपनी ही सुध नहीं है।
मास्टर जी की हरकतों के बारे में बच्चों के पेरेंट्स को पहले ही पता था। लेकिन उस समय तो हद ही हो गई, जब मास्टर जी शराब के नशे में पूरी धुत्त होकर फर्श पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही कई ग्रामीण और बच्चों के पेरेंट्स स्कूल पहुंच गए। उन्होंने मौके पर टीचर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो खूब वायरल हो रहा है।
मंडी जिला विभाग ने जांच पड़ताल के बाद टीचर को सस्पेंड कर दिया है।
जिला उप शिक्षा अधिकारी विजय गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान गुशाल सिंह ने इस घटना की जानकारी पंचायत उप प्रधान संतोष कुमार को दी। उप प्रधान ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने तुरंत खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी और पुलिस को भी सूचित किया। पंचायत उप प्रधान संतोष कुमार का कहना है कि यह शिक्षक पहले भी कई बार शराब पीकर स्कूल आता रहा है और इसको लेकर कई बार विभाग में शिकायत भी की गई लेकिन हर बार मामले को नज़र अंदाज़ कर दिया गया।
स्थानीय अभिभावकों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक के रहते बच्चों का भविष्य खतरे में है। स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। यह मामला शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाहियों का नतीजा है, जहां शिकायतों के बावजूद भी विभाग कोई एक्शन नहीं लेता।

