Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की घरेलू हिंसा में मौत, पति ने पीटा था; 5 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

January 29, 2026

दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की घरेलू हिंसा में मौत, पति ने पीटा था; 5 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात SWAT महिला कमांडो काजल की घरेलू हिंसा के एक गंभीर मामले में मौत हो गई। आरोप है कि उनके पति अंकुर ने झगड़े के दौरान उन पर डंबल से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल काजल ने करीब 5 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिरकार 27 जनवरी 2026 को उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में हुई। काजल और उनके पति अंकुर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर अंकुर ने काजल पर डंबल से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

काजल का ब्रेन डेड घोषित, वेंटिलेटर पर तोड़ा दम 

हमले के बाद आरोपी पति ही काजल को इलाज के लिए मोहन गार्डन स्थित तारक अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई और उन्हें गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने काजल को ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

2022 में दिल्ली पुलिस में हुई थी भर्ती

काजल वर्ष 2022 में दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के रूप में भर्ती हुई थीं और वर्तमान में स्पेशल सेल की SWAT टीम में कमांडो के रूप में तैनात थीं। उनकी शादी 2023 में अंकुर से हुई थी, जो रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर दिल्ली कैंट में कार्यरत है।

आरोपी अंकुर गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने घटना के बाद ही आरोपी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया था। अब काजल की मौत के बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें