Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

शख्स ने पहले माला पहनाई फिर जड़ दिया तमाचा, रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला

August 6, 2025

शख्स ने पहले माला पहनाई फिर जड़ दिया तमाचा, रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर बुधवार को एक युवक ने हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब मौर्य रायबरेली के सिविल लाइंस इलाके में अपने समर्थकों से मिलने पहुंचे थे। स्वागत समारोह के दौरान, एक युवक पीछे से आया, पहले मौर्य को माला पहनाई और फिर अचानक थप्पड़ मार दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

माला पहनाई और फिर जड़ दिया तमाचा

 मौर्य के समर्थक उनका स्वागत फूलों की माला पहनाकर कर रहे थे। अचानक एक अनजान युवक पीछे से आया, माला पहनाई और उसी समय पीछे से सिर पर हमला कर दिया। यह सब कुछ चंद सेकंड में हुआ और किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है।

समर्थकों ने की हमलावर की पिटाई

हमले के बाद मौर्य के समर्थकों ने हमलावर को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।पुलिस को बीच-बचाव में काफी मेहनत करनी पड़ी। पुलिस ने हमलावर और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है और दोनों से पूछताछ जारी है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये युवक कौन हैं और हमला क्यों किया गया।

स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान

हमले के बाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “यह सरकार ठाकुरों और गुंडों को खुली छूट दे रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। पुलिस की मौजूदगी में हमला होना दिखाता है कि गुंडों के हौसले कितने बुलंद हैं। ठाकुरों को लगता है कि उन्हें कानून तोड़ने का लाइसेंस मिल गया है।” मौर्य ने करणी सेना के लोगों पर भी हमले का आरोप लगाया और कहा कि “जब पुलिस के सामने ऐसा हो रहा है, तो सोचिए जहां पुलिस नहीं होती वहां क्या होता होगा।”

मुख्य सवाल और पुलिस की प्रतिक्रिया

युवक ने हमला क्यों किया? क्या ये कोई व्यक्तिगत रंजिश थी या सियासी साजिश? हमला करने वाला युवक और उसका साथी कौन थे? क्या वाकई राज्य की कानून व्यवस्था इतनी कमजोर हो गई है? पुलिस फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। घटना की जांच जारी है और पूरे मामले पर रिपोर्ट जल्द दी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें