Site icon Dainik Savera Times

‘पक्की दोस्ती और ऐतिहासिक संबंधों वाली जगह’, ओमान में बोले पीएम मोदी

PM Modi in Oman

PM Modi in Oman

मस्कट: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर ओमान पहुंच गए हैं। हवाईअड्डे पर उनका स्वागत ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। जो तस्वीरें और वीडियो वहां से आ रही हैं उनमें पीएम मोदी का स्वागत करने को भारतीय समुदाय काफी उत्सुक दिख रहा है। होटल परिसर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की लंबी लाइन लगी हुई है। हाथों में झंडे हैं और जुबान पर भारत माता की जय के नारे हैं।

‘भारत के साथ पक्की दोस्ती, ऐतिहासिक संबंधों वाली जगह’

पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट के जरिए मस्कट को लेकर अपने जज्बात साझा किए। उन्होंने लिखा, “मस्कट, ओमान में लैंड किया। यह भारत के साथ पक्की दोस्ती और गहरे ऐतिहासिक संबंधों वाली जगह है। यह दौरा सहयोग के नए रास्ते तलाशने और हमारी पार्टनरशिप को नई गति देने का मौका देता है।” यह उनकी तीन देशों की यात्रा का तीसरा और आखिरी चरण है। वे 17 और 18 दिसंबर को ओमान में रहेंगे। यह यात्रा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रही है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

 

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने बुधवार को इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। ये दुनिया की 18वीं संसद है, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने भाषण दिया। पीएम ने कहा कि मुझे इथियोपिया आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह शेरों की धरती है। यहां मुझे अपने घर जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि मेरा गृहराज्य गुजरात भी शेरों की धरती है।

मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे थे मोदी

पीएम मोदी मंगलवार को ही इथियोपिया पहुंचे थे। यह उनका पहला दौरा था। कुछ खास पल भी कैमरे में कैद हुए जब पीएम अबी अहमद अली ने नेशनल पैलेस में उनका औपचारिक स्वागत किया। उन्हें एयरपोर्ट से लेने और बाद में विदा करने भी वे खुद ड्राइव करके पहुंचे।

Exit mobile version