
Horrible accident in Russia : रूस के पश्चिमी हिस्से में शनिवार देर रात एक भीषण ट्रेन हादसा हुआ, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 यात्री घायल हो गए। आपको बता दें कि यह हादसा ब्रायंस्क क्षेत्र (Bryansk Region) में हुआ, जो यूक्रेन की सीमा से सटा हुआ इलाका है। वहीं इस हादसे की वजह एक रेलवे पुल का ढह जाना बताया जा रहा है, जिसे रूसी अधिकारियों ने “अवैध हस्तक्षेप” का नतीजा बताया है।
अचानक ढहा पुल… ट्रेन हुई दुर्घटनाग्रस्त
रूसी रेलवे विभाग मॉस्को रेलवे के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन पटरी पर थी और उसके ठीक ऊपर बना पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पुल का भारी मलबा सीधे रेल पटरी पर आ गिरा, जिससे आने वाली यात्री ट्रेन उसकी चपेट में आ गई और पटरी से उतर कर पलट गई।
A train has derailed while going over a bridge in Russia’s Bryansk region. pic.twitter.com/ys9YPKThwj
— Jay in Kyiv (@JayinKyiv) May 31, 2025
यूक्रेन सीमा से सटे इलाके में हादसा
बता दें कि हादसा ब्रायंस्क क्षेत्र में हुआ, जो रूस और यूक्रेन की सीमा पर स्थित है। 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से इस इलाके में लगातार तनाव बना हुआ है। यही कारण है कि रेलवे प्रशासन इस हादसे के पीछे किसी साजिश या जानबूझकर की गई “अवैध गतिविधि” की आशंका जता रहा है।
रोसावटोडोर ने दी जानकारी
रूस की परिवहन एजेंसी रोसावटोडोर ने बयान जारी कर बताया कि जिस रेलवे लाइन पर हादसा हुआ, उस पर बना पुल अचानक गिर गया। पुल के कंक्रीट के विशाल टुकड़े पटरियों पर गिर पड़े, जिससे तेज गति से आ रही ट्रेन उनसे टकरा गई और पटरी से उतर गई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आपातकालीन सेवाएं और बचाव दल पहुंच गए हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर मलबा हटाने और रेल सेवा को दोबारा बहाल करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
हादसे की जांच शुरू
रूसी सुरक्षा एजेंसियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। ‘अवैध हस्तक्षेप’ के सुरागों को देखते हुए आतंकी साजिश या तोड़फोड़ की आशंका को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा रहा है। प्रशासन इस घटना को पूरी गंभीरता से लेते हुए मामले की गहराई से जांच कर रहा है।