नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जहां यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अचानक हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने किया राहत और बचाव कार्य में सहयोग
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पिछले महीने बीड में भी हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा
महाराष्ट्र में बस दुर्घटनाओं का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अक्टूबर महीने में बीड जिले के माजलगांव तालुका में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। यहां एक एसटी बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी।
यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर नेशनल हाईवे पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुई थी। बताया गया था कि कार में सवार लोग तुलजापुर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रही एसटी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
नवी मुंबई में भी ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई थी एसटी बस
वहीं, इससे पहले नवी मुंबई में भी एक बड़ा बस हादसा सामने आया था। ठाणे-बेलापुर मार्ग पर बेलापुर खिंड के पास एक स्टेट ट्रांसपोर्ट यानी एसटी बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया था। ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क पर बेकाबू हो गई। इसके बाद बस ने रास्ते में खड़े और चल रहे तीन ऑटो रिक्शा तथा तीन कारों को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में कुल नौ लोग घायल हो गए थे।

