Site icon Dainik Savera Times

रामलीला के मंच पर दशरथ का किरदार निभा रहे 73 वर्षीय कलाकार को आया हार्ट अटैक, हुई मौत

हिमाचल डेस्क. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां रामलीला के मंचन के दौरान दशरथ का किरदार निभा रहे 73 वर्षीय कलाकार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे चंबा के ऐतिहासिक चौगान में हुआ। मृतक की पहचान मोहल्ला मुगला निवासी अमरेश महाजन उर्फ शिबू के रूप में हुई है, जो पिछले 40 सालों से रामलीला में दशरथ और रावण जैसे महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे थे।

यह घटना रामलीला के दूसरे दिन घटित हुई। मंच पर अमरेश राजा दशरथ का किरदार निभा रहे थे। तभी अचानक वे बेसुध होकर मंच पर गिर पड़े। साथी कलाकार तुरंत हरकत में आए और उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने उनकी मौत का कारण हृदय गति का रुकना बताया है।

बता दें चंबा में रामलीला का आयोजन साल 1949 में शुरू किया गया था। तब से चली आ रही है। इसकी शुरुआती लाला संसार चंद महाजन ने पुत्र प्राप्ति की लालसा में की थी और इसी परंपरा को चार दशकों से अमरेश महाजन जैसे समर्पित कलाकारों ने संजोकर रखा। रामलीला क्लब के अध्यक्ष स्वपन महाजन ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि अमरेश जी का जाना क्लब और पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष वीरेंद्र महाजन और मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी देखें: हरियाणा में कल से मौसम लेगा करवट, गर्मी से मिल सकती है बड़ी राहत 

Exit mobile version