जम्मू डेस्क : पुंछ जिले के उपमंडल मेंढर में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बता दें कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की ओर से मिल रही शिकायतों को देखते हुए टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अभियान की शुरुआत की और बिना अनुमति लगे कई रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
बता दें कि कार्रवाई का आगाज़ मुख्य बस अड्डे से किया गया, जहां फुटपाथों और सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेलों को हटाया गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही कई फड़ें जब्त कर लीं और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद अभियान किला बाजार, मुख्य बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, इन इलाकों में अवैध कब्जों के कारण पैदल चलने वालों और वाहनों दोनों को दिक्कतें होती थीं। बाजारों में आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे लोगों का आना-जाना प्रभावित होता था। प्रशासन ने बताया कि संबंधित ठेला धारकों को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई अनिवार्य हो गई।
अधिकारियों ने दुकानदारों को भी आगाह किया कि वे अपनी दुकानों की सीमा से बाहर सामान न फैलाएं। उन्होंने कहा कि दुकान के बाहर सामान रखने से ट्रैफिक प्रभावित होता है और राहगीरों को परेशानी होती है। ऐसा पाए जाने पर दुकान मालिकों के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुगठित बाज़ार व्यवस्था तभी बन सकती है जब सभी लोग नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी बाजारों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

