नेशनल डेस्क: अहमदाबाद में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई, जिसमें अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 41 यात्री घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह विमान अहमदाबाद में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल पर गिरा, जिससे भारी नुकसान हुआ। हादसे के समय विमान में कुल 242 लोग सवार थे।
शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट
बहुत से शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है। इसलिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में मृतकों के परिजनों के DNA सैंपल लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव, धनंजय द्विवेदी ने बताया कि यह सैंपलिंग बी.जे. मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में की जा रही है। यहां मृतकों के सबसे करीबी रिश्तेदार, जैसे माता-पिता, बच्चे या भाई-बहन अपना सैंपल दे सकते हैं। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है ताकि शवों की सही पहचान जल्दी हो सके।
घायलों का इलाज जारी
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 41 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अभी सभी की हालत स्थिर है। परिजनों की मदद के लिए अस्पताल ने दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर कॉल कर जानकारी ली जा सकती है।
विमान में कौन-कौन से देश के लोग थे सवार?
एयर इंडिया की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस विमान में कुल 242 यात्री थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडा का नागरिक और 7 पुर्तगाल के नागरिक सवार थे। यह हादसा पूरे देश के लिए बहुत ही दुखद और दर्दनाक है। प्रशासन और राहत टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जा सके।

