Site icon Dainik Savera Times

जयपुर में एयर इंडिया फ्लाइट की लैंडिंग फेल, विमान में सवार थे कांग्रेस के बड़े नेता

Air India flight's landing fails in Jaipur.

Air India flight's landing fails in Jaipur.

नई दिल्ली: जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। दिल्ली से जयपुर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 ने जैसे ही रनवे को छुआ, पायलट ने स्थिति को असुरक्षित समझते हुए तुरंत विमान को दोबारा हवा में उठा लिया। इस अचानक फैसले से विमान में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें: ‘अजित पवार विमान हादसे की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो’, ममता बनर्जी-उमर अब्दुल्ला ने उठाई मांग

लैंडिंग के समय विमान की अप्रोच सही नहीं थी

यह घटना दोपहर करीब 1:05 बजे हुई, जब विमान जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के समय विमान की अप्रोच सही नहीं थी और संतुलन बिगड़ने की आशंका थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने तय प्रक्रिया के तहत ‘गो-अराउंड’ यानी लैंडिंग रद्द कर विमान को फिर से उड़ाने का फैसला लिया।

विमान ने एयरपोर्ट के ऊपर कुछ समय तक चक्कर लगाए

इसके बाद विमान ने एयरपोर्ट के ऊपर कुछ समय तक चक्कर लगाए। हालात सामान्य होने के बाद करीब 10 मिनट बाद दूसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि ऐसी स्थिति पूरी तरह सुरक्षा नियमों के अंतर्गत आती है और पायलट को यह अधिकार होता है कि अगर लैंडिंग सुरक्षित न लगे तो वह विमान को दोबारा ऊपर ले जा सके।

सुखजिंदर सिंह रंधावा थे सवार

इस फ्लाइट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सवार थे। घटना के दौरान यात्रियों में चिंता जरूर थी, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। जयपुर एयरपोर्ट पर पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

एनसीपी नेता अजित पवार का चार्टर्ड विमान क्रैश

इसी दिन एक और बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई। महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार का निधन हो गया, वे 66 वर्ष के थे।यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ। बताया गया कि पायलट ने रनवे पर उतरने की कोशिश की, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं देने के कारण विमान को दोबारा ऊपर ले जाने का प्रयास किया गया।

यह भी पढ़ें: अजित पवार ‘दादा’ कभी नहीं हुए सत्ता से बाहर, चाचा की छाया से निकलकर बनाई खास पहचान

इसी दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई। अजित पवार मुंबई से सुबह 8:10 बजेरवाना हुए थे और महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के सिलसिले में बारामती में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के अनुसार, खराब दृश्यता और लैंडिंग के दौरान आई दिक्कत हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

Exit mobile version